सिहोरा में सर्राफा व्यापारी से 6 लाख के जेवरात की लूट, तलवार दिखाकर बदमाश फरार
जबलपुर के सिहोरा में सर्राफा व्यापारी से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने तलवार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया और सफेद बलेनो कार से फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर FSL टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।
जबलपुर के सिहोरा में एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बरगी निवासी व्यापारी अपनी स्कूटी से गोरहा स्थित दुकान जा रहा था। इसी दौरान नहर वाली रोड पर सफेद रंग की बिना नंबर की बलेनो कार में सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तलवार दिखाकर व्यापारी को डराया और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक, लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
सिहोरा थाने में एफआईआर दर्ज
घटना की शिकायत पर सिहोरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। एसपी संपत उपाध्याय के अनुसार, पुलिस पीड़ित से पूछताछ करने के साथ ही सभी संभावित साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।