जबलपुर: बहू से छेड़छाड़ का विरोध बुजुर्ग को पड़ा भारी, लाठी-डंडों से हमला, इलाज के दौरान घायल ने तोड़ा दम
पनागर थाना क्षेत्र के सिंगलदीप गांव में बहू से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया।
जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र के सिंगलदीप गांव में बहू से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे प्यारे लाल चक्रवर्ती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बुजुर्ग प्यारे लाल चक्रवर्ती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को गांव के राजेश चक्रवर्ती पर प्यारे लाल की बहू से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। बहू ने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद प्यारे लाल विरोध जताने आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग पर हमला कर दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।
परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जबलपुर लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। वही पुलिस मामले की जांच कर रही है।